गोरखपुर समाचार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मे जल्द ही गोरक्षनगरी से श्रीराम और कृष्ण की नगरी जाना श्रद्धालुओं के लिए आसान हो जाएगा। सीएम के निर्देश पर परिवहन निगम श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए गोरखपुर-अयोध्या-मथुरा-वृंदावन बस सेवा शुरू करने जा रहा है। अयोध्या मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद दो बसों को चलाने की तैयारी की है। गोरखपुर से मथुरा-वृंदावन जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा है। वहीं अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के चलते श्रद्धालुओं की संख्या इधर बढ़ गई है। वृंदावन के लिए गोरखपुर के लिए सीधी साधारण बस सेवा नहीं थी। वर्तमान में गोरखपुर से वृंदावन के लिए सिर्फ एक अनुबंधित एसी बस संचालित हो रही है।
अब परिवहन निगम ने बाबा गोरक्षनाथ की नगरी से श्रीराम और श्रीकृष्ण की नगरी को सीधा जोड़ दिया है। तीनों स्थान उत्तर प्रदेश में ही हैं, इसलिए बस चलाने में भी कोई दिक्कत नहीं आएगी। रोडवेज प्रशासन ने समयसारिणी तय नहीं की है। हालांकि प्रस्तावित किराया गोरखपुर से अयोध्या के लिए 226 रुपये और वृंदावन के लिए 1065 रुपये तय किया गया है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम गोरखपुर से मथुरा-वृंदावन के लिए अयोध्या के रास्ते साधारण बस सेवा शुरू करने जा रहा है। जल्द ही इसका किराया और समयसारणी तय कर ली जाएगी। – लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम


































