उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना स्थित संतोषी गेस्ट हाउस में टूंडला के रहने वाले रामबाबू लोधी के बेटे अमन की बरात आई थी। यहां बैंड बाजों के साथ घुड़चढ़ी की रस्म हुई। इसके बाद बराती नाचते-गाते हुए गेस्ट हाउस पहुंच गए। कुछ बराती दावत खाने में व्यस्त हो गए, तो कुछ डीजे पर नाचने लगे। बताया गया है कि बरात में दूल्हे की ओर से आईं कुछ लड़कियां डीजे पर डांस कर रही थी। इसी दौरान दुल्हन पक्ष की ओर से किसी युवक ने डांस कर रही एक लड़की के हाथ में पैसे दिए। इसी बात पर विवाद हो गया। इस दौरान जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े में दूल्हे का भांजा सिर में चोट लगने से गंभीर घायल हो गया। .
इसके साथ ही कई अन्य लोग भी दोनों पक्षों से घायल हो गए। सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बरात में हुए बवाल की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल ही घायल युवक को उपचार के लिए ट्रोमा सेंटर भेजा। इस दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई। थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया।वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


































