नोएडा समाचार उत्तर प्रदेश के नोएडा मे एनटीपीसी के सामने अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे प्रदर्शन कारियों में से अब तक 50 महिलाओं की तबीयत खराब हो चुकी है। सर्दी लगने की वजह से उन्हें पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और बुखार की समस्या हो गई। बुधवार को भी 15 महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जरूरी इलाज और जांच के बाद उन्हें मेडिसन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, सोमवार देर रात 34 महिलाओं की तबीयत खराब होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारतीय किसान परिषद के तत्वावधान में एनटीपीसी मुख्यालय नोएडा पर तीसरे दिन बुधवार को भी धरना जारी रहा।
समिति के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि हर रोज प्रदर्शनकारियों की तबीयत खराब हो रही है। लेकिन न्याय पाने के लिए उनके हौसले बुलंद हैं। अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जैसे दो साल पहले प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी की थी उसे दोहराया भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि 40 साल पुरानी मांग है जितना जल्दी हो सके अधिकारी उसको पूरा कर दें। 26 दिसंबर को नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत का ऐलान किया जाएगा और उसके बाद कुछ बड़ा निर्णय लिया जाएगा। बुधवार को धरना स्थल पर पहुंचे सीटू के जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, महिला जनवादी मोर्चा की जिलाध्यक्ष आशा यादव, रेखा चौहान ने अपने विचार रखे व किसानों को समर्थन दिया।
समिति के अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने बताया सर्दी की वजह से लगातार धरने पर बैठी महिलाओं की तबीयत खराब हो रही है। वैसे तो 24 घंटे स्वास्थ्य शिविर लगा हुआ है। लेकिन हालात बिगड़ने पर जिला अस्पताल में मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। पहले दिन सोमवार को इलाज के नाम पर अस्पताल में खानापूर्ति की गई। एक टेबलेट देकर आठ घंटे तक कोई चिकित्सक देखने नहीं आया। कंपाउडर मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसके बाद हंगामा किया तब जाकर चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया।


































