उत्तर प्रदेश के महराजगंज। समेकित विद्यालय धनेवा में 102 बटालियन एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) के प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन मंगलवार को एनसीसी कैडेट्स ने रस्साकस्सी स्पर्धा में हिस्सा लिया। ब्रावो कंपनी के कैडेट्स ने बाजी मारी।शिविर स्थल पर सुबह कैडेट्स को दो ग्रुप में बांटकर रस्साकस्सी स्पर्धा कराई गई। मुख्य अतिथि सीओ कर्नल अखिलेश मिश्रा ने कहा कि कैडेट्स के अंदर राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास होना चाहिए। उन्हें सामाजिक सेवा व सामाजिक जागरुकता की दिशा में अन्य लोगों को प्रेरित करने पर बल देना चाहिए। दोपहर बाद कैडेट्स को यातायात जागरुकता के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए रमानाथ उमाशंकर माध्यमिक विद्यालय फुलमनहा एवं विशंभर नाथ इंटर कॉलेज नौतनवां के कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में अल्फा कंपनी विजेता बनी।


































