उत्तर प्रदेश के कानपुर में चक्रवाती हवाओं की वजह से मौसम बदला हुआ है। शनिवार को पूरे दिन धूप नहीं निकली। इसके बावजूद हवा गर्म रही। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान एक डिग्री लुढ़ककर 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार अगले 48 घंटे में मौसम में और बदलाव हो सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि चक्रवाती हवाएं अगले दो दिनों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं।इसका प्रभाव महानगर के अलावा पूरे कानपुर मंडल में दिखेगा। इस बीच गरज-चमक के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। डॉ. पांडेय ने बताया कि इस महीने मौसम में इस तरह का चौथी बार बदलाव हो रहा है। आगे मई महीने में भी इसी तरह से कई बार चक्रवाती हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।मौसम विभाग ने मौसम में होने वाले इस बदलाव से लोगों को सर्तक रहने की सलाह दी है। विशेषकर किसानों से कहा गया है कि वे खेतों में काम करते वक्त ध्यान रखें कि जब तेज हवा चले और बिजली कड़के] तो वे सुरक्षित स्थान पर जरूर चले जाएं। इसी तरह बाई रोड लंबी दूरी की यात्रा करने से भी बचने की सलाह दी गई है।
			





















		    











