उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अजीतमल (औरैया)। कोटा बैराज से छोड़े गए तीन लाख क्यूसेक पानी से यमुना नदी उफान पर है। मंगलवार को जुहीखा गांव में जलस्तर खतरे के निशान 113 मीटर को पार कर गया। मंगलवार सुबह आठ बजे तक जुहीखा पुल के पास बनाए गए जल मापक प्वाइंट पर पानी 113.980 मीटर तक पहुंच गया। जबकि यहां खतरे का निशान 113 मीटर पर है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से गौहानी कलां संपर्क मार्ग पर पानी घुस गया है। इससे रपटा पुल डूब गया है। उसके ऊपर से पानी बह रहा है। इससे गांव का संपर्क अजीतमल व अन्य गांवों से कट गया है। सिकरोड़ी पुल से होकर इटावा को जाने वाली सड़क के किनारे तक पानी पहुंच गया है।
आशंका है कि अगर जलस्तर बढ़ता रहा तो इटावा को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी बंद हो जाएगा। यमुना किनारे बसे सिकरोड़ी, जुहीखा व बड़ेरा आदि गांवों के किनारे तक पानी पहुंच चुका है। इससे इन गांवों में बाढ़ का खतरा ज्यादा है। गांव में निचले स्थानों पर रह रहे परिवार पलायन की तैयारी में हैं। एसडीएम ने गौहानी कलां मार्ग पर पानी को देखते हुए गांव आने-जाने के लिए दो नावों की व्यवस्था करने के आदेश दिए। एसडीएम निखिल राजपूत ने बताया कि यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। अभी कुछ गांव के किनारे तक ही पानी पहुंचा है। लोगों से पानी बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
तहसील अजीतमल में यमुना किनारे बसे ग्राम गौहानी कलां, बड़ेरा, सिकरोड़ी, जुहीखा, सिमार, गूंज, फरिहा, बीजलपुर, जाजपुर, असेवा, सड़रापुर, सिखरना, असेवटा, बंसियापुर, गौहानी खुर्द, मिश्रपुर मानिकचंद्र, भूरेपुर कला, पहाड़पुर व ततारपुर कलां में बाढ़ का खतरा है। साल 2019 व 2021 में यह गांव यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित हुए थे। ज्यादा बारिश होने व कोटा बैराज से चंबल नदी में पानी छोड़े जाने से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। इससे खार व ऊंचे-नीचे टीलों के मध्य कटानों से होकर यमुना का पानी गांव की तरफ आकर सड़कों पर भर जाता है। इससे आवागमन अवरुद्ध हो जाता है।
यमुना के बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए एसडीएम निखिल राजपूत व बीडीओ अतुल यादव ने मंगलवार को सिकरोड़ी व बड़ेरा गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ राहत चौकी बनाए गए प्राथमिक विद्यालय हनुमान गढ़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात लेखपालों को खराब हैंडपंप सही कराने, टैंकरों से पीने के पानी की सप्लाई कराने और बिजली व सफाई व्यवस्था ठीक कराने के आदेश दिए। उन्होंने सिकरोड़ी गांव का भी जायजा लिया। गांव के लोगों से शाम तक स्थिति को देखते हुए बाढ़ चौकियों एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचने के लिए तैयार रहने के लिए कहा।