उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शहर से पांच किमी दूर शेरगढ़ घाट समीप यमुना नदी पुल पर अब शुक्रवार से पैदल आवाजाही भी बंद हो जाएगी। यह पाबंदी 14 अगस्त तक जारी रहेगी। ऐसे में इस अवधि में अब कोई भी इस पुल से पैदल भी नहीं निकल सकेगा। ये पाबंदी पुल मरम्मत को रफ्तार देने के लिए अपनाई गई है। वहीं सुरक्षा मानकों के लिहाज से इस मार्ग पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। संकेतक लगाकर पाबंदी की जानकारी भी दी जा रही है।शुक्रवार से इस पुल पर वाहनों के बाद अब पैदल आवाजाही भी पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इसे लेकर जालौन छोर पर सात फुट दीवार खड़ी की जा रही है।
पिछले एक सप्ताह से यमुना नदी पुल पर पिलरों की खराब बेयरिंग बदलने का काम किया जा रहा है। इस कवायद में सात नंबर पिलर के दो बेयरिंग बदल भी दिए गए हैं। इसके साथ ही पिलरों के प्लास्टर में हुई उखड़न को ग्रेडिंग के बाद दुरुस्त किया जा रहा है। अब अन्य खराब बेयरिंग को भी बदला जा रहा है। वहीं, अब इस काम को सुरक्षित ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। वहीं, औरैया छोर पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। यहां पर लोगों की भीड़ न जुटे इसे लेकर जालौन रोड किनारे की दुकानों को भी बंद करा दिया गया है। यहां पर दुकानदार खोखे हटाने लगे हैं।
एप्रोच रोड पर पुलिस गुरुवार को ही लोगों को सचेत करती नजर आई। वहीं संकेतक भी लगा दिए गए हैं।शेरगढ़ घाट स्थित यमुना पुल की मरम्मत का कार्य करीब एक माह तक चलेगा। शुरुआती दौर में यमुना पुल से होकर पैदल राहगीरों को छूट दी गई थी। ऐसे में लोग डेढ़ किमी का यमुना पुल का पैदल सफर कर दूसरे छोर से सवारी वाहन पकड़कर दोनों जिलों के बीच सफर कर रहे थे लेकिन अब इस पुल पर पैदल आवाजाही पूरी तरह से बंद करा दी गई है। ऐसे में औरैया व जालौन के बीच सफर पर निकले लोगों के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे एक मात्र सड़क का जरिया होगा। ऐसे में 40 किमी का सफर अब 80 किमी का हो जाएगा।