उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में फफूंद क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर गांव पीपरपुर स्थित खेत में धान की रोपाई के लिए पहुंचे लोगों का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। फफूंद थाना के डांडी गांव निवासी विनोद यादव ने पीपरपुर में जून 2024 में खेत खरीदा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार को वह मजदूरों को लेकर खेत में धान की रोपाई करवाने के लिए गए थे। तभी वहां पहुंचे पीपरपुर निवासी मनोज दुबे, श्याम दुबे, धर्मेंद्र दुबे, शानू दुबे व उनके साथियों ने जमीन का विवाद बताकर धान की रोपाई रुकवा दी। दोनों में झगड़ा होने पर विनोद ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। पीआरवी मौके पर पहुंच जाने पर मनोज और उनके साथ के लोग भड़क उठे और फायरिंग करने के साथ मजदूरों पर हमला कर दिया। वहीं, चाकू लगने से विनोद यादव का कार चालक बालकराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपियों ने विनोद यादव के पक्ष की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इधर पीआरवी की सूचना पर सीओ अजीतमल एमपी सिंह, फफूंद थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। हालांकि इससे पहले आरोपी मौके से भाग निकले। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है। सीओ अजीतमल महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन का विवाद मिशन समाधान में राजस्व टीम ने निस्तारित किया गया था। गुरुवार सुबह जमीन पर धान रोपाई के दौरान दोनों गुटों में मारपीट के बाद एक गुट की ओर फायरिंग की गई है। मामले में विनोद यादव की तहरीर पर धर्मेंद्र दुबे, मनोज, शानू, श्यामू दुबे, गोलू सविता, विकास प्रजापति, छोटे दोहरे, गिर्राज सिंह आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगाईं गईं हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीपरपुर में फायरिंग के बाद सभी आरोपी गांव छोड़कर भाग गए। आरोपी मनोज के घर पर सिर्फ उसकी पत्नी निर्मला देवी व मां जयरानी दुबे मौजूद मिलीं। जयरानी दुबे ने बताया कि विवादित चार बीघा जमीन उनकी थी।पति स्व. राधेश्याम दुबे ने उस जमीन पर केसीसी करवाई थी। वर्ष 2018 में पति की मौत के बाद केसीसी का कर्जा अदा करने के लिए बेटे मनोज ने एक बीघा जमीन दिबियापुर निवासी लोगों को बेची थी। मगर बैनामा करवाने वालों ने धोखाधड़ी कर चार बीघा से अधिक जमीन आठ लाख रुपये में अपने नाम करवा ली। जबकि जमीन की वर्तमान कीमत एक करोड़ रुपये के करीब है। बेटे ने आरोपियों के खिलाफ दीवानी भी कायम करवाई थी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है


































