उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अयाना। भीखेपुर- जुहीखा मार्ग पर स्थित जुहीखा पुल पर जालौन की सीमा में सोमवार सुबह एक पिता ने अपनी दो बेटियों को यमुना नदी में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी छलांग लगा दी। जालौन के रामपुरा थाने के मढ़ेपुरा निवासी रज्जन (35) की शादी अजीतमल कोतवाली के गांव पीतमपुर अड्डा निवासी सुआलाल की बेटी शारदा के साथ हुई थी। दोनों की तीन बेटियां सुनैना (6), शालिनी (4) व सलोनी (2) हैं। सोमवार की सुबह 10 बजे के करीब वह तीनों बेटियों को बाइक पर बैठाकर गांव जुहीखा स्थित यमुना नदी पुल पर पहुंचा। वहां उसने बेटी सलोनी और शालिनी को नदी में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी नदी में छलांग लगा दी।
यह देख बड़ी बेटी वहां से भाग निकली। घटना की जानकारी पर सीओ माधौगढ़ अंबुज कुमार, रामपुरा थानाध्यक्ष रजत कुमार, अयाना थानाध्यक्ष अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश शुरू करवाई। इसके बाद पुल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। मामले की जानकारी पर युवक की मां निर्मला अन्य परिजन के साथ मौके पर पहुंच गए।परिजनों ने बताया कि रज्जन शराब पीने का आदी था। इसके चलते सावन माह के पहले से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। इससे वह नाराज रहता था।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घटना जालौन जिले की सीमा में हुई है। युवक व उसकी बेटियों की नदी में तलाश की जा रही है।पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से यमुना में तीनों की तलाश कर रही है। परिजनों के अनुसार युवक नशे का आदी है। वह पत्नी के मायके में रहने से नाराज था। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है