उत्तर प्रदेश के`औरैया जिले में बिधूना थाना क्षेत्र के गांव शामपुर निवासी किसान राकेश कुमार के घर के सामने ही उसकी एक झोपड़ी भी थी। बुधवार की सुबह करीब 7:30 गांव के बच्चे झोपड़ी के पास खेल रहे थे। खेल-खेल में ही बच्चों ने वहां पर आग जला दी। इससे उठी लपटों ने झोपड़ी को चपेट में ले लिया। इस दौरान राकेश खेतों पर गेहूं की कटाई करने गया था। झोपड़ी में आग लगते ही उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने पर बच्चे चिल्लाए तो आसपास के लोग दौड़े और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगने जानकारी होते ही राकेश भी मौके पर पहुंच गया। आग पर जब तक काबू पाया गया, तब तक झोपड़ी में रखा सामान जल गया। वहां बंधीं दो बकरियां जलकर मर गईं। इसके अलावा तीन गाय, एक भैंस व दो पड़िया समेत छह मवेशी झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने की जानकारी होते ही नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा व क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जानकारी के साथ आग लगने से हुई क्षति का आकलन किया नायब तहसीलदार ने जांच कर शासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की जा रही है।


































