उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में चल रही राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप के तीसरे दिन भी भारत के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टी माधवन ने सीनियर वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं, शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरजिंदर कौर दमखम दिखाएंगी। भारत चैंपियनशिप की अंक तालिका में पहले नंबर पर बना हुआ है। चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को भारत के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। दो दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में 20 स्वर्ण पदक आ गए हैं। वहीं पिछले साल ताशकंद में आयोजित चैंपियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण के साथ कुल 16 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था। पहले नंबर पर कनाडा और तीसरे नंबर पर नाइजीरिया रहा था। इस साल पहले स्थान पर भारत के रहने की पूरी उम्मीद है। शुक्रवार को चैंपियनशिप में अजय सिंह व अजित नारायण जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उतरेंगे। वहीं, राष्ट्रमंडल खेल बर्मिघम में कांस्य पदक जीतने वाली हरजिंदर कौर भी चुनौती पेश करेंगी। पिछली बार उन्होंने रजत पदक जीता था। ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं जिला प्रशासन खेल महोत्सव के दौरान ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराएगा। उप जिला क्रीडा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि 20 जुलाई से खेल महोत्सव शुरू होगा और अगस्त तक चलेगा। सबसे पहले ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूलों के छात्र भी भाग लेंगे। उनमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चे तहसील स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी। जल्द ही इसका कार्यक्रम जारी किया जाएगा।


































