हरियाणा के करनाल/तरावड़ी। तखाना गांव में सरकारी स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा कक्षा चार का छात्र फिसलन के कारण तालाब में गिर गया। इसी दौरान उसे बचाने के लिए दौड़ा किशोर भी तालाब में डूब गया। दोनों को ग्रामीणों ने बचाने का प्रयास किया मगर सफल नहीं हो पाए। बाद में ग्रामीणों ने तालाब से दोनों के शव बाहर निकाले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।हिमांशु (12) गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता था। ग्रामीणों के अनुसार वह शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। अचानक वह तालाब में गिर गया। तालाब के पास मौजूद कक्षा नौवीं के छात्र वरुण ने जब हिमांशु को बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूब गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों के शव बाहर निकाले। पिता राजिन्द्र ने बताया कि वह मजूदरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। वह बेटे हिमांशु की पढ़ाई में हर संभव मदद करता था। वह उसे काबिल बनाना चाहता था, मगर उसके सपने चकनाचूर हो गए। उसे नहीं पता था कि वह उसे छोड़कर चला जाएगा। वरुण के माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।


































