उत्तर प्रदेश के इटावा। भरथना। इटावा-कन्नौज हाईवे पर बाहरपुर गांव के पास एनएच 91-ए के पर अन्हैया नदी के नए पुल का शिलान्यस आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के बीच सांसद ने किया। इस दौरान उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की। शिलान्यास कार्यक्रम से पहले सांसद ने समस्याएं सुनीं। इसके बाद वह करीब सवा 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया अव्यवस्था को लेकर खासे नाराज रहे। भूमि पूजन के लिए हवन यज्ञ होना था, लेकिन इसके लिए जरूरी लकड़ियों व पूजन सामग्री आदि का प्रबंध नही होने पर नहीं हो सका। ऐसे में सांसद को नारियल फोड़कर औपचारिकता पूरी करनी पड़ी। उसके बाद मिट्टी खोदने के लिए देर तक फावड़ा नहीं मिलने पर उन्हें पूजन स्थल से वापस जन सुनवाई पंडाल में जाकर बैठना पड़ा। इससे पहले उन्होंने आते ही गर्मी से परेशान मौजूद लोगो के लिए बैठने के लिए कुर्सियां व कूलर आदि की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने को लेकर एनएच विभाग व अधिकारियों पर कई बार नाराजगी जताई। सांसद ने कई बार माइक पर एनएच विभाग की अधिकारियों को सामने आने की पुकार भी लगाई, मगर देर तक कोई विभागीय अधिकारी समक्ष नहीं आने पर उन्होंने नाराजगी जताई।सांसद ने शिलान्यास कार्यक्रम से पहले कार्यक्रम स्थल के पास ही बने पंडाल में समस्याएं सुनीं। ढकपुरा गांव के राम प्रताप ने अवैध कब्जा हटवाकर भूमि की पैमाइश कराने की गुहार लगाई। बहारपुर गांव के लेजम सिंह, राधाकृष्ण, दुर्गेश कुमार, अंशुल,अजय शाक्य, सोने लाल, करन सिंह आदि ने पुल निर्माण के कारण खरगपुर जाने वाले बंबे पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे खेतों में पानी नहीं पहुंच रहा है। ढकपुरा के साहब सिंह ने भूमि से कब्जा हटवाने के लिए कहा। सांसद ने शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के मौजूद अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

































