उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र क गड़ौरा-मझौरा गांव में 28 मई को दुल्हन सजाने आयी दो ब्यूटीशियन 70 हजार के गहने ले उड़ीं। चार दिन बाद घटना की जानकारी होने पर परिवार के मुखिया ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। गांव निवासी अनिरुद्ध राय के घर 28 मई को लड़की की शादी थी। दुल्हन को सजाने के लिए जीयनपुर कस्बा से दो ब्यूटीशियन रिंकू यादव व शिल्पा शर्मा को बुलाया गया था। दोनों निश्चित समय पर दुल्हन सजाने पहुंची थी। अनिरूद्ध राय के अनुसार, दोनों कमरे में दुल्हन को सजाने लगीं। दुल्हन का मेकअप करने के बाद दोनों ने उनकी पत्नी करूणा राय से मांगटीका मांगा। जिस पर पत्नी ने बेड के दराज में रखे झोले से निकाल कर मांगटीका उन्हें दे दिया और शेष जेवरात पुन: दराज में रख दिए। इस दौरान दोनों ने दुल्हन को मुंह धोने के लिए भेज दिया। इसके बाद दुल्हन को सजा कर दोनों चली गईं। शादी के बाद पत्नी ने जब बेड के दराज में रखा झोला निकाला तो उसमें से जेवर गायब दिखे। अनिरूद्ध की तहरीर पर पुलिस ने रिंकू व शिल्पा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे


































