उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के शेखवलिया गांव में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को बृहस्पतिवार की रात अराजकतत्वों ने उखाड़ कर पास स्थित कुएं में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा गायब देखी तो आक्रोशित हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुई प्रतिमा को कुएं से बरामद किया और शुक्रवार की देर शाम नई प्रतिमा भी स्थापित करवा दी। शेखवलिया गांव के बाहर काली माता मंदिर के मैदान में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित थी। बृहस्पतिवार की रात अराजकततत्वों ने प्रतिमा को उखाड़ कर पास स्थित कुएं में फेंक दिया। साथ ही उस पर कूड़ा-कचरा भी डाला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण जब मंदिर की तरफ गए तो प्रतिमा गायब देख आक्रोशित हो उठे। कुछ ही देख में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा करने लगे। जानकारी होते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने खोजबीन कर कुएं से बाबा साहब की प्रतिमा बरामद की। ग्रामीण नई प्रतिमा स्थापित कराए जाने की मांग करने लगे। एसओ विजय प्रकाश मौर्य ने आश्वासन देकर शांत कराया और तत्काल ग्राम प्रधान, दो पुलिस कर्मी व कुछ ग्रामीणो को नई प्रतिमा लाने के लिए भेज दिया। जिसे देर शाम तक स्थापित करा कर लोगों को शांत किया। पुलिस मामले की जांच कर रही हे