हरियाणा के पानीपत के महमदपुर गांव में घास काटते समय पशुपालक को सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद पशुपालक सांप को बोतल में बंद कर सीधा अस्पताल पहुंच गया। समय पर अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। महमदपुर निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उसने अपने पशुओं के लिए खेतों में चारा खरीद रखा है। मंगलवार सुबह वह खेत में चारा काट रहा था। चारा काटते-काटते अचानक हाथ पर बहुत तेज कुछ चुभने जैसा महसूस हुआ। जब उसने देखा तो सांप उसके हाथ पर लिपटा हुआ था और उस जगह से खून निकल रहा था। सत्यनारायण सांप को बिना मारे उसे साथ पड़ी एक प्लास्टिक की बोतल में बंद कर लिया और इलाज के लिए सांप समेत पानीपत के सामान्य अस्पताल पहुंच गया, जहां डॉक्टर ने समय रहते उसका इलाज शुरू कर दिया। फिलहाल किसान की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉ. सुखदीप कौर ने बताया कि यह सांप कॉमन क्रेट प्रजाति का है। वह बहुत ही जहरीला होता है। सांप के काटने पर उसे बोतल में बंद करने या उसे मारने पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। सांप काटने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है। उसका इलाज जा चल रहा है


































