उत्तर प्रदेश के कानपुर में रामादेवी चौराहे के सुंदरीकरण का काम शुरू हो गया है। 15 मीटर चौड़ी सर्विस लेन के अलावा चारों तरफ साढ़े पांच-पांच मीटर चौड़ी स्लिप रोड, डिवाइडर व नालियों का निर्माण होगा। नवंबर में काम पूरा करना है। इससे चौराहे पर जाम से निजात मिलेगी। सर्वाधिक व्यस्त चौराहों में शामिल रामादेवी पर जाम से निजात दिलाने के लिए कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) इसे कब्जा मुक्त कराते हुए सुंदरीकरण करा रहा है। पीडब्ल्यूडी को चार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। ठेका अभिषेक इंटरप्राइजेज को दिया है।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एसएस बनर्जी ने बताया कि सर्विस लेन साढ़े सात मीटर चौड़ी हैं। उनके किनारे बना नाला चौड़ा कराया जा रहा है। जीटी रोड से सर्विस लेन को जोड़ने वाले चारों मोड़ों में सड़क के बाद डिवाइडर बनाया जाएगा। उसके बाद साढ़े पांच -साढ़े पांच मीटर स्लिप रोड और उसके किनारे-किनारे नालियां बनाई जाएंगी। केस्को भी सुंदरीकरण की परिधि में लगे पोल शिफ्ट कर रहा है। वहीं, जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि एनएचएआई बरसाती पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड व्यवस्था के तहत खुदाई कर पाइप बिछा रहा है। यूनाइटेड चर्च के सामने कार्य हो गया है।

































