उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में कमालगंज। बीती रात 33 हजार वोल्ट का तार टूट जाने से विद्युत उपकेंद्र ठप हो गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े 7 फीडर बंद रहे। भोर होते ही अवर अभियंता ने टीम के साथ पेट्रोलिंग कर काम शुरू कराया। करीब आठ घंटे बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी। तार टूटने से लगभग एक सैकड़ा गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप रही।गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत ट्रांसफार्मरों पर लोड भी अधिक पड़ने लगा है। इससे अब फाल्ट होने के साथ तार टूटने का खतरा बढ़ गया। रविवार रात करीब 1 बजे याकूतगंज के निकट स्थित एक बाग से गुजरी 33 हजार विद्युत लाइन का तार ओवरलोडिंग की वजह टूट गया। जिससे विद्युत उपकेंद्र ठप हो गया। उपकेंद्र से जुड़े 7 फीडर बंद होने से एक सैकड़ा से अधिक गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाने से लोगों को काफी समस्या हुई। सोमवार सुबह लोग पानी के लिए परेशान रहे। भोर करीब 4 बजे अवर अभियंता मदनचंद्र लाइनमैन कंचन प्रकाश, अतुल, असलम आदि के साथ पेट्रोलिंग करते हुए भोजपुर पहुंचे। करीब 3 घंटे बाद याकूतगंज के निकट स्थित एक बाग में 33 हजार लाइन का तार टूटा मिला। कर्मचारियों ने तार को ठीक कर करीब 9 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू की। आठ घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता मदनचंद्र ने बताया कि 33 हजार लाइन का तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई थी।

































