एटा समाचार उत्तर प्रदेश के एटा मे शहर में क्रिसमस पर्व को लेकर रविवार को गिरजाघरों और ईसाई बाहुल्य बस्तियों में खास तैयारी की गई। रविवार रात प्रार्थना सभा का आयोजन कर देश और लोगों की खुशहाली की प्रार्थना की गई। रात 12 बजते ही प्रभु यीशु ने जैसे ही जन्म लिया, लोग उत्साह में डूब गए और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। शहर के गांधी मार्केट स्थित मैक्गाव मेमोरियल चर्च में युवाओं व अन्य लोगों ने सजावट को अंतिम रूप दिया। फादर अनिल प्रकाश ने रात 11 बजे यहां प्रार्थना सभा कराई। वहीं आगरा रोड स्थित सेंट जेवियर चर्च में प्रभु यीशु से संबंधित झांकी सजाई गई। इसके अलावा क्रिश्चियन कंपाउंड, चर्च कंपाउंड, बड़ी मिशन, पंजाबपुरा, छोटा कॉन्वेंट स्कूल सहित ईसाई बाहुल्य क्षेत्र में भी रविवार को दिन भर तैयारियां होती रहीं।
लोगों ने घरों पर केक, डोनेट, गुझिया आदि तैयार किए। रात 12 बजे के बाद एक-दूसरे से गले मिल व्यंजनों का आपस में आदान-प्रदान किया। आराधना व गीत के साथ केक काटे गए।शहर में आगरा रोड स्थित सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च का निर्माण 25 साल पहले कराया गया था। रेव्ह. सेसिल डेसा ने इसकी आधारशिला 7 मई 1998 को रखी थी। चर्च के फादर अरुल कुमार ने बताया कि नए साल में 11 फरवरी को सेंट जेवियर कैथोलिक चर्च की रजत जयंती मनाई जाएगी। इसके साथ ही 4 फरवरी को भंडारे का भी आयाेजन किया जाएगा।
रविवार को गिफ्ट की दुकानों पर ईसाई मत के लोगों ने जमकर खरीदारी की। एक दुकान पर खरीदारी कर रही सिल्विसा फैड्रिक ने बताया कि इस बार उपहार देने के लिए लोग पैराशूट सेंटा को बहुत खरीद रहे हैं। इसके अलावा चर्च व घर को सजाने के लिए ट्री, कैंडल आदि की भी खूब बिक्री हो रही है। सकीट। क्षेत्र के पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय सकतपुर पर क्रिसमस पर्व बच्चों ने शिक्षको संग उत्साह के साथ मनाया। प्रधानाध्यापिका अनुपमा द्विवेदी ने बच्चों को प्रभु यीशु के बारे जानकारी दी। बताया कि वह बच्चों को बहुत प्यार करते थे। इसलिए क्रिसमस-डे पर बच्चों को सेंटा क्लॉज के रूप विशेष उपहार देते हैं। सेंटा क्लॉज के रूप में आकर शिक्षकों ने बच्चों को टॉफी, चॉकलेट बांटीं। बच्चों ने सेंटा क्लॉज व क्रिसमस ट्री के पोस्टर बनाए।


































