उत्तर प्रदेश में औरैया के दिबियापुर। जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वाधान में हुई रविवासरीय योग कार्यशाला में योग साधकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने योग साधकों को मधुमेह और रक्तचाप नियंत्रण के उपाय बताए। बताया कि नियमित जीवन शैली और योग अपनाकर मधुमेह और रक्तचाप नियंत्रित रख सकते हैं।
वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत डाॅ. अभिनंदन त्रिपाठी ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। योग प्रशिक्षक हरिश्चंद्र प्रेमी ने योगासनों और प्राणायाम कराए। डॉ. अभिनंदन त्रिपाठी ने मधुमेह नियंत्रित करने के उपाय बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संतुलित आहार करना चाहिए। ज्यादा मीठी वस्तुओं के सेवन से बचना चाहिए। नियमित योग करके हम मधुमेह बीमारी से दूर रह सकते हैं।
डॉ. हरी बाबू गुप्ता ने रक्तचाप नियंत्रित रखने के उपाय बताए। बताया कि प्रतिदिन व्यायाम करने व टहलने के साथ खान-पान में भी विशेष सावधानी बरतकर रक्तचाप नियंत्रण रख सकते हैं। रक्तचाप नियंत्रण के लिए चीनी और नमक का हमेशा कम इस्तेमाल करना चाहिए। सदैव प्रसन्न रहने से भी रक्तचाप को नियंत्रित रखा जा सकता है। दीपक कठेरिया, पुष्पेंद्र गुप्ता, सरिताराजेश कुमार अग्निहोत्री, मीरा देवी, शिक्षक लालजी अवस्थी आदि मौजूद रहे।

































