उत्तर प्रदेश के औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर नवीन मंडी के सामने इटावा लेन पर बुधवार सुबह आगे चल रहे ट्रक में पीछे से कंटेनर ने तेज टक्कर मार दी। समरथपुर समीप मंडी समिति के सामने बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे इटावा की ओर जा रहे ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। कंटेनर विजय शंकर यादव (49) पुत्र रामदेव यादव निवासी जिला बलिया थाना कस्बा सुखपुरा चला रहा था।
वहीं परिचालक सलीम पुत्र दिलबर निवासी भिवाड़ी राजस्थान भी केबिन में मौजूद था। वहीं आगे चल रहे ट्रक में इसाक पुत्र उमरदीन निवासी भिवाड़ी राजस्थान था। दोनों वाहन इटावा की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक कोहरे की धुंध में अचानक वाहन टकरा गए। घटना की सूचना पर कोतवाल पंकज मिश्रा हमराही टीम के साथ पहुंचे और कंटेनर की केबिन में फंसे चालक-परिचालक को निकालकर एंबुलेंस से 50 शैया अस्पताल में भिजवाया गया।
जहां पर डॉक्टरों ने कंटेनर चालक विजय शंकर यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि परिचालक व ट्रक को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी है। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि ट्रक के पीछे से कंटेनर टकराया है। कंटेनर चालक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे
































