मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सीहोर जिले के भैरून्दा जनपद के ग्राम निमोटा में आयोजित जनसंवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में पहुंचे। जब सीएम आ रहे थे, तब तेज बारिश थी। बरसते पानी में सीएम कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं सरकार को परिवार ही तरह चला रहा हूं। लोगो की जिन्दगी में खुशियां लाने के लिए मैं दिनरात काम कर रहा हूं। सीएम शिवराज ने निमोटा में 6 करोड़ 30 लाख 31 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया और विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निशुल्क राशन, मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आज हर व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आप सभी मेरा परिवार हो, आपकी तकलीफों को दूर करना, आपके चेहरों पर सदैव मुस्कुराहट बनाए रखना और आपकी आंखो में कभी आंसू नहीं आने देना मेरा फर्ज है। सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश में चलाई जा रही लाडली बहना योजना बहनों के कल्याण के साथ ही उन्हें समाज और परिवार में सम्मान दिलाने का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजना है। इस योजना से बहनों के चेहरे पर मुस्कान आई है। उन्होंने बहनों से कहा कि अब 1250 रुपये खाते में डाले जा रहे हैं और धीरे-धीरे 250 रुपये के मान से इस राशि को बढ़ाकर 3000 प्रति महीने करूंगा। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना और उज्जवला योजना के परिवारों को अब 450 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर प्रदान किया जाएगा। सभी पंचायतों में लाडली बहना के फॉर्म के लिए लगाए गए कैम्पों की तरह ही एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए फॉर्म भरवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की किसी भी योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, इसके लिए मैं दिन-रात काम कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन नहीं है, उन्हें पट्टा दिया जाएगा और उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा 6000 रुपये दिए जाते हैं, अब प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 6000 रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इससे किसानों को प्रतिमाह 12000 रुपये की राशि मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था, जिन्हें हमने पुन: शुरू किया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित कई योजनाएं दोबारा से शुरू की गई है। अब बुजुर्गों को रेल से ही नही बल्कि वायुयान से भी तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा हर किसान के खेत तक पाइपालाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जिससे किसान पर्याप्त मात्रा में खेतों में सिचाई कर सकें और फसल का उत्पादन अच्छा हो। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बिजली के बड़े बिल भी सरकार द्वारा ही भरे जाएंगे।
































