उत्तर प्रदेश के औरैया।तेज हवाओं के साथ दिन भर हुई बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। जिले के कई फीडर बंद होने से करीब 400 गांव में बिजली मंगलवार देर रात तक गुल रही। कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में जुटे रहे। वहीं कुछ जगहों पर तेज हवाओं के कारण फीडर से आपूर्ति बंद रखी गई। मंगलवार सुबह से ही बारिश के साथ तेज हवाएं चलना शुरू हुई। इसका सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। औरैया शहर में संजयगेट, कानपुर रोड पर तार टूट गए। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर फाल्ट रहा। जिन्हें समय रहते ठीक कराया गया। वहीं कुछ फीडर में तारों के आपस में टकराने के कारण बिजली ट्रिपिंग करती रही। जिससे आपूर्ति नहीं हो सकी। वहीं ऐरवाकटरा क्षेत्र में 33केवी की लाइन सुबह आठ बजे से ब्रेक डाउन हो गई। इससे ऐरवाकटरा विद्युत उपकेंद्र के गाजीपुर, समायन, उमरैन,दोबामाफ़ी, ऐरवाकटरा फीडर बंद रहे। इन फीडरों के बंद रहने से करीब 200 गांव की बिजली शाम चार बजे तक बंद रही। जेई रवि वर्मा ने बताया कि बारिश और तेज हवाओं के कारण मेन लाइन ब्रेक डाउन रही। बारिश बंद होने के बाद फाल्ट ठीक कर आपूर्ति की जाएगी। वहीं उप केंद्र नेविलगज से रुरुगंज फीडर की बिजली देर रात बारिश के कारण बंद कर दी गई। इससे करीब 20 गांव की बिजली रात भर गुल रही। लाइनमैन रामजीत ने बताया कि भूठा गांव में 11 हजार केवी का इंसुलेटर खराब होने से फाल्ट रहा। जिसे देर शाम ठीक कराया गया। पांच फीडर बंद रहने से 150 गांवों की बिजली रही गुल अजीतमल। तेज बारिश और हवाओं के कारण सोमवा रात एक बजे के करीब अजीतमल उप केंद्र से जुड़े कोल्ड स्टोरेज फीडर की आपूर्ति ब्रेक डाउन हो गई। मंगलवार सुबह तक रामपुर फीडर, रामपुर कृषि, अनंतराम का ग्रामीण व कृषि फीडर की लाइन फाल्ट होने से बंद हो गई। इससे गढि़या, गढ़ा, शहबाजपुर, अनंतराम, मुड़ैना रूपसहाय, अमौता, भूरेपुर कला, सिकरोड़ी, रामपुरा समेत डेढ़ सौ गांव की बिजली गुल हो गई। कृषि व कोल्डस्टोरेज फीडर की लाइट न आने से भी किसान परेशान रहे। एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि बारिश के कारण फाल्ट हुआ है। कुछ जगहों पर लाइनमैन फाल्ट ढूंढ रहे है। बारिश के कारण फाल्ट ठीक कराने में परेशानी हो रही है।

































