उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में राजा बाजार के राम ललित गौतम के घर में रात साढ़े 10 बजे तक माहौल बेहद खुशी और चहल-पहल भरा था। घर के सभी पुरुषों के बरात जाने के बाद महिलाएं नाचने-गाने में व्यस्त थीं। इस बीच अचानक आए एक फोन से सारा माहौल बदल गया। मंगलगान की जगह महिलाएं मातम करने लगीं। आस-पड़ोस के लोगों को अपने कानों पर कुछ देर तक यकीन ही नहीं हो रहा था कि मांगलिक माहौल के बीच से अचानक क्रंदन क्यों सुनाई देने लगा। बाद में पता चला कि सिद्धार्थनगर में हादसा हो गया और दूल्हे राम ललित गौतम के भाई अशोक गौतम और उनके साथ जा रहे शिवा प्रजापति अब नहीं रहे। यहां से बृहस्पतिवार को देर शाम बड़े धूमधाम से राम ललित गौतम की बरात निकली थी। करीब 120 बरातियों को लेकर पूरे धूम धाम से गाजे बाजे से लोग रवाना हुए। बाकी लोग बस व अन्य वाहन से निकले। दूल्हे राम ललित के बड़े भाई अशोक गौतम अपने दोस्त शिवा प्रजापति पुत्र सोमई की बाइक से ही बलरामपुर जाने के लिए निकल पड़े। कुछ लोगों ने उन्हें इतनी दूर बाइक से जाने के लिए मना किए लेकिन अशोक और शिवा नहीं माने। उन लोगों ने कहा कि रास्ते में कुछ काम है। लोग कहते हैं कि शायद उनकी मौत उन्हें बुला रही थी। अशोक पुरानी बस्ती में एक कपड़े की दुकान पर काम करते थे। घर पर उनकी पत्नी, मां, बच्चे और परिवार के सभी सदस्य रो-रोकर बेहाल थे। उनकी आंखें सूज आई थीं। कुछ पूछने पर वे बिफर पड़ते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही हे


































