एटा समाचार उत्तर प्रदेश के एटा मे प्रभारी सीडीपीओ को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति ने धमकी दे डाली। व्हाट्सएप पर अभद्र संदेश भेजे। इन आरोपों की रिपोर्ट प्रभारी सीडीपीओ ने थाना अलीगंज में दर्ज कराई है। सुखरानी सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह बाल विकास पुष्टाहार विभाग अलीगंज में प्रभारी सीडीपीओ के रूप में कार्यरत है। बाल विकास का कार्यालय आर्यावर्त बैंक नगला पड़ाव कायमगंज रोड पर स्थित है। ग्राम जटौराभान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रीती यादव के पति सुधीर कुमार निवासी जटौराभान ने 19 दिसंबर को मेरे व्हाट्सएप नंबर पर गंदी भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज का संदेश भेजा। साथ धमकी देते हुए लिखा कि तुझे नौकरी करना सिखा देंगे।
रात 12.24 पर ये गंदे और धमकी भरे संदेश भेजे गए। इसके स्क्रीन शॉट प्रभारी सीडीपीअे ने पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। प्रभारी सीडीपीओ का कहना है कि सुधीर गुंडा किस्म का व्यक्ति है। जो मेरे साथ रास्ते मे कोई भी अप्रिय घटना घटित कर सकता है। कोतवाली प्रभारी अरुण पवांर ने बताया कि प्रभारी सीडीपीओ ने लिखित में शिकायत दी थी। जिसके आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू करा दी गई है।
अलीगंज। प्रभारी सीडीपीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत जटौराभान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा पोषाहार का वितरण न करने की शिकायतें मिली थीं। जिस पर 15 नवंबर को वहां के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इसमें तमाम अनियमितताएं मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रीती यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस से गुस्साए प्रीती के पति सुधीर कुमार ने यह हरकत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे

































