उन्नाव समाचार उत्तर प्रदेश के उन्नाव मे हसनगंज (उन्नाव)। कस्बे में एक क्लीनिक का नया कनेक्शन जोड़ने के लिए शटडाउन लेकर पोल पर चढ़ा प्राइवेट ठेका एजेंसी के माध्यम से काम कर रहा लाइन मैन करंट लगने से सड़क पर गिर गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। साथ रहे संविदा कर्मी ने बिजली उपकेंद्र से बिना सूचना शटडाउन वापस लेने से हादसा होने की बात कही है। आक्रोशित परिजनों ने लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाली पुलिस और नायब तहसीलदार पहुंचीं और परिजनों से बात की तो उन्होंने बिजली विभाग से पांच लाख रुपये, तहसील से कृषक पट्टा और मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख की आर्थिक मदद की मांग की।
नायब तहसीलदार ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया, तब परिजन शांत हुए। इस दौरान करीब दस किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हसनगंज कोतवाली के कुरौली गांव निवासी कौशल सिंह (40) बिजली विभाग में ठेका एजेंसी के माध्यम से करीब सात साल से लाइनमैन का काम कर रहा था। वह बिजली विभाग के संविदा कर्मी जगनेश के साथ काम करता था। बुधवार शाम पांच बजे कौशल कस्बे के ही एक क्लीनिक में नया बिजली कनेक्शन करने गया था। संविदा कर्मी जगनेश के मुताबिक उसने हसनगंज पावर हाउस को इसकी सूचना देकर शटडाउन लिया था। पोल पर चढकर कौशल कनेक्शन जोड़ रहा था तभी पावर हाउस से बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। करंट लगने से कौशल, सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया।
कोतवाल राजेश्वर त्रिपाठी और नायब तहसीलदार पूर्णिमा तिवारी पहुंचीं और मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास किया परिजनों ने पांच लाख रुपये मुआवजा और कृषि भूमि पट्टा का लिखित आश्वासन और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। नायब तहसीलदार ने मांगों को हर संभव पूरा कराने का आश्वासन दिया और समझाकर शांत कराया। इसके बाद शाम करीब सात बजे शव को सड़क से हटाया जा सका और जाम यातायात शुरू हुआ। घटना से पत्नी बिटाना, बच्चों में अभय और अंशिका सहित पूरा परिवार बेहाल है।
मृतक दो भाइयों में छोटा था। बिजली विभाग के जेई नीरज पाल ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से पांच लाख रुपये की मदद दी जाएगी। बताया कि घटना की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि शट डाउन लिया गया या नहीं इसकी भी जांच होगी। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अभी पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी है।पुलिस मामले की जांच कर रही हे

































