उत्तर प्रदेश के आगरा भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। पहले दिन टेक्निकल अग्निवीर अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांची जाएगी। निर्धारित समय में 1.6 किमी लंबी दौड़ लगानी होगी। भर्ती के लिए स्टेडियम में रविवार की रात 1 बजे से एंट्री पास बनेंगे। सोमवार की सुबह छह बजे तक प्रवेश मिलेगा।सदर बाजार स्थित एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम में 4-12 दिसंबर तक चलने वाली सेना भर्ती प्रक्रिया में 12 जिलों के करीब 13 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सोमवार को 12 जिलों से अग्निवीर टेक्निकल के लिए चिह्नित युवाओं को मौका मिलेगा। 100-100 के समूह में युवाओं को दौड़ाया जाएगा। दौड़ के लिए 400 मीटर लंबा ट्रैक बनाया गया है। जिसके चार चक्कर लगाने होंगे। निर्धारित समय पर आने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता जांच के लिए भेजा जाएगा। दौड़ के अलावा सीना, लंबाई, लंबी कूद व जिग-जैग दौड़ को परखा जाएगा। सफल अभ्यार्थियों के दस्तावेज की जांच के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। आगरा में हो रही 12 जिलों की सेना भर्ती प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए सोमवार को सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ से जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनोज तिवारी जायजा लेने आएंगे।
भर्ती में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, एटा, इटावा, जालौन, झांसी व ललितपुर के युवा शामिल होंगे।शारीरिक दक्षता में सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच के बाद उनका मेडिकल किया जाएगा। मेडिकल में असफल अभ्यर्थियों को जांच व जरूरी सूचनाओं के साथ परीक्षण के लिए मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय ने स्टेडियम में भर्ती के दौरान वीडियो रिकाॅर्डिंग पर रोक लगाई है।

































