उत्तर प्रदेश के औरैया। शहर के मोहल्ला रुहाई निवासी पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एक आरोपी के खिलाफ नामजद धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। पीड़ित रुहाई मोहल्ला निवासी अंकुर गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि मेरठ जिले के बहजादका मवाना निवासी मुनेंद्र सिंह से उसकी मुलाकात हुई। जिस पर उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट लखनऊ में क्लर्क की पोस्ट पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
1.35 लाख रुपये मांगे। उसने गूगल पे के माध्यम से उसके नंबर पर रुपये भेज दिए। इस दौरान आरोपी ने उससे छह महीने में नौकरी लगवाने का वादा किया। जब छह माह का समय बीता तो उसने मुनेंद्र सिंह से बात की और अब तक नौकरी न लगवाने पर पैसा वापस मांगा। जिस पर आरोपी ने दो माह में पैसा लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन निर्धारित समय पर भी पैसा वापस नहीं आया। बताया कि उसके बाद से आरोपी न तो उसका फोन उठा रहा है और न ही बात कर रहा है। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपी मुनेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी के अलावा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।

































