लखनऊ समाचार उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इलाकों में दिन का तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। हवाओं के असर से धूप बेअसर हो चुकी है, हालांकि दिन का तापमान स्थिर बना हुआ है। रात के पारे में दो डिग्री तक की गिरावट जारी है। प्रदेश में सबसे ठंडी रात बरेली की बनी हुई है। यहां पर रात का पारा 4 से नीचे जा पहुंचा और लुढ़क कर 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अयोध्या में 5 डिग्री तो कानपुर नगर में 5.7 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान। अधिकतम तापमान 25 डिग्री से लेकर 22 डिग्री के बीच रहा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में 2 डिग्री के आसपास की गिरावट आने के आसार है। कोहरा भी बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पछुआ हवा आगे बढ़ेगी और पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं ठंड बढ़ाएगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि दिन का पारा शनिवार के बराबर 24.1 डिग्री ही रहा।
			





















		    











