मैनपुरी न्यूज़ उत्तर प्रदेश के मैनपुरी मे किशनी क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी एक अपराधी दो कारीगर की मदद से लोकसभा चुनाव में खपाने के लिए अवैध हथियार बनवा रहा था। किशनी पुलिस ने स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में सप्लायर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के संबधं में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ने बताया कि 51 बने तमंचा और उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी विनोद कुमार ने बताया कि गांव अलीपुर निवासी रामशंकर दुबे लोकसभा चुनाव में खपाने के लिए कारीगर राजू उर्फ छोटे निवासी बहोरनपुर जनपद फर्रुखाबाद और अरविंद सिंह निवासी नगला पचिया फिरोजाबाद से तमंचा बनवा रहा था। इसके लिए रामशंकर ने अपने घर के पास जगह चुनी थी।
बृहस्पतिवार को स्वाट टीम और किशनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को 51 बने तमंचा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पकडे़ गए लोगों से पूछताछ की गई तो बताया कि वे पेशेवर हैं और काफी समय से हथियार बनाने और बिक्री का काम करते आ रहे हैं। एसपी ने बताया अन्य जनपदों से भी आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। अपराध से अर्जित संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। राजू अपने बहनोई के साथ ही रहता था। उसी के साथ मिलकर लंबे समय से तमंचा बनाने का काम कर रहे थे। पूर्व में यह लोग जेल भी जा चुके हैं।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पकड़ा गया रामशंकर पहले जनपद फर्रुखाबाद से बने हुए तमंचे लेकर आा था और उनकी बिक्री करता था। पूछताछ में बताया कि 1300 रुपये की खरीद करने के बाद वह तमंचा तीन हजार तक में बेचता था। लेकिन कुछ समय पहले ही वह दोनों कारीगर को अपने साथ ले आया था। अब वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए खुद के हथियार बनवाने लगा था। पुलिस मामले की जांच कर रही हे

































