कासगंज समाचार उत्तर प्रदेश के कासगंज के जिले में 13 वर्षीय मासूम की हत्या कर दी गई। किशोर का शव अधबने मकान में पड़ा मिला। सिर और शरीर पर ऐसे निशान मिले जो हत्या के दौरान की गई बर्बरता की कहानी को बयां कर रहे हैं। सूचना पर परिवार के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या किसने और क्यों की इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। गांव नदरई के रहने वाले ओमप्रकाश ने बताया कि उनका नाती 13 वर्षीय हिमांशू पुत्र धर्मवीर बृहस्पतिवार की शाम गली में खेलने के लिए गया था। उसके बाद वो लौटकर घर नहीं आया। परिवार के लोगों ने उसे तलाश किया, लेकिन कहीं नहीं मिला। गांव के ही एक अन्य किशोर मनीष ने परिवार वालों को बताया कि हिमांशू का शव नदरई आर्यावर्त बैंक के पास एक अधबने मकान में पड़ा है।
जानकारी मिलते ही परिवार के लोग बताए गए स्थान पर पहुंच गए। यहां किशोर का शव खून से लथपथ सीढ़ियों के पास पड़ा हुआ था। सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। किशोर की लाश देख परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर आई फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी जितेंद्र दुबे ने बताया कि किशोर की हत्या के मामले में अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। बालक के सिर और शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने अभी तक कोई रंजिश की बात नहीं बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे


































