उन्नाव समाचार उत्तर प्रदेश के उन्नाव मे एलआईसी एजेंट के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान पार कर दिया। पीड़ित के अनुसार लाइसेंसी रिवाल्वर और लाखों के जेवर चोरी हुए हैं। सदर कोतवाली के मोहल्ला पूरन नगर निवासी बृजेश कुमार सिंह एलआईसी एजेंट हैं। 21 जनवरी को उनकी मां विद्यावती की मौत हो गई थी। वह पत्नी अर्चना और बच्चों के साथ माखी थानाक्षेत्र के गांव जुनैदपुर गए थे। घर में ताला बंद था। सोमवार सुबह 10 बजे जब घर लौटे तो सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। पीड़ित के अनुसार चोर पत्नी और मां के करीब 12 लाख के जेवर और अलमारी में रखी उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी चोरी कर ले गए।
कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच की। पुलिस ने पड़ोसी दिनेश के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कोतवाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। सदर कोतवाली के आदर्शनगर मोहल्ला निवासी ठेकेदार नागेंद्र तिवारी के बंद घर को 24 जनवरी की रात चोरों ने निशाना बनाया था। गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए चोरों ने दरवाजों में लगी लॉक न तोड़ पाने से खिड़की में लगा टफन ग्लास तोड़कर कमरों के अंदर दाखिल हुए थे। अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी 90 हजार की नकदी और परिवार के पांच सदस्यों के 19.10 लाख कीमत के जेवर पार कर दिए थे। चोर सीसीटीवी का डीबीआर भी ले गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही हे


































