उन्नाव समाचार उत्तर प्रदेश के उन्नाव मे श्री अन्न में शामिल अनाजों की उपयोगिता और उसके स्वाद से लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से आगामी फरवरी माह से कार्डधारकों को बाजरा देने की तैयारी की गई है। इसके चावल के आवंटन में कटौती की जाएगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत अभी तक अंत्योदय कार्डधारकों को 14 किग्रा गेहूं व 21 किग्रा चावल दिया जाता है। फरवरी माह से चावल की मात्रा 10 किग्रा कम करने की तैयारी की गई है। उस माह में अंत्योदय कार्डधारकों को 14 किग्रा गेहूं, 11 किग्रा चावल व 10 किग्रा बाजरा दिया जाएगा।
वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को इस समय दो किलो गेहूं व तीन किलो चावल प्रति यूनिट के अनुसार दिया जाता है। फरवरी में दो कलो गेहूं, एक किलो चावल और दो किलो बाजरा का वितरण किया जाएगा। अपर आयुक्त खाद्य जीपी राय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। उन्होंने जनपद स्तर पर खरीदे गए बाजरे की जानकारी मांगी है। जिससे फरवरी माह में वितरण के लिए बाजरे की मात्रा का आवंटन हो सके।
बाजरा-इसमें विटामिन बी-6 और फोलिक एसिड मौजूद होता है। एंटी आक्सीडेंट होते हैं। खून की कमी को दूर करता है। एनीमिया को दूर करने में कारगर है। पहली बार जिले में बाजरा की सरकारी खरीद हो रही है। इसके लिए पांच केंद्र खोले गए हैं। 15 जनवरी तक खरीद होनी है। अब तक 1600 एमटी की खरीद हो चुकी है। इसके अलावा 552 एमटी ज्वार व 293 एमटी मक्का की खरीद भी की जा चुकी है।

































