हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सब्जी मंडियों में अर्ली वैरायटी के सेब को बेहतर दाम मिल रहे हैं। जैरामाइन के बाद अब स्कारलेट किस्म के सेब की मंडी में धमाकेदार एंट्री हुई है। सब्जी मंडी बंदरोल में शुक्रवार को सेब 146 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिका है। जबकि पिछले साल यह सेब 110 रुपये प्रति किलो बिका था। बेहतर दाम मिलने से बागवान खुश हैं।बता दें कि स्पर वैरायटी का सेब भी अब तैयार हो गया है। शैनेको गाला और जैरामाइन को पहले ही मंडियों में बेहद अच्छे दाम मिल चुके हैं। अब स्पर किस्मों ने भी मंडियों में दस्तक दी है। बंदरोल सब्जी मंडी में शुक्रवार को स्कारलेट सेब बोली लगी है। घाटी के बागवान चुनी लाल, अमित, ज्ञान ठाकुर, महेश, चमन, मुनीष और सुरेश आदि ने कहा कि बगीचों में स्पर वैरायटी तैयार हो गई है।इसके बागवानों को सब्जी मंडियों में भी बेहतर दाम मिल रहे हैं। जिले में रॉयल के अलावा अर्ली वैरायटी के सेब का भी बागवान उत्पादन कर रहे हैं। बताया जा रहा है इस साल अधिक ठंड के चलते सेब के साइज में थोड़ी समस्या है। इस साल सेब का उत्पादन भी कम है। बागवानी विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में सेब की 70 लाख पेटियां होने का अनुमान था, लेकिन खराब मौसम से इसमें कमी आ सकती है।बंदरोल सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मोहन ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को स्कारलेट सेब 146 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिका है। उधर, फल उत्पादक मंडल कुल्लू के प्रधान महेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अर्ली वैरायटी के सेब को मंडियों में बेहतर दाम मिलने से बागवानों की आर्थिकी मजबूत हो रही है।

































