नोएडा समाचार उत्तर प्रदेश के नोएडा मे शाहदरा जिला के मानसरोवर पार्क इलाके में संतान सुख की प्राप्ति के लिए महिला ने चार साल के बच्चे को अगवा कर लिया। महिला मासूम को तिलक नगर स्थित घर ले गई। शिकायत मिलने के पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी महिला को दबोचकर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान रेशमा कौर (35) के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि शादी के पांच साल बाद भी जब बच्चा पैदा नहीं हुआ तो उसने किसी बच्चे को अगवा करने की साजिश रची। इसके बाद 24 दिसंबर को शहीदी दिवस के दिन बच्चे को अगवा कर लिया। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीना ने बताया कि 24 दिसंबर को मानसरोवर पार्क निवासी पवन कुमार ने बेटे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। किसी ने उसे अगवा कर लिया है।
पुलिस ने फौरन पवन की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने टीम का गठन कर दिया। इस बीच पुलिस ने करीब 30 किलोमीटर के एरिया में लगे 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच में पुलिस को पता चला कि किसी महिला ने मासूम को अगवा किया है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर महिला का पीछा करती रही। इसके अलावा मासूम को साथ ले जाने में महिला ने जिस सार्वजनिक परिवहन सेवा का इस्तेमाल किया, उसकी भी पड़ताल की गई। काफी मेहनत के बाद पुलिस के प्रयास रंग लाए और महिला की पहचान तिलक नगर निवासी रेशमा कौर के रूप में हुई। एक टीम ने तिलक नगर में छापा मारकर आरोपी को दबोचकर बच्चे को बरामद कर लिया।
रेशमा 24 दिसंबर को शहीदी दिवस के जुलूस में शामिल होने मानसरोवर पार्क आई थी। यहां उसने मासूम को घर के पास खेलता देखकर अगवा करने का मन बनाया। रेशमा ने बहन के छह साल के बेटे को मासूम के साथ खेलने के लिए कहा। दोनों आपस में घुल मिल गए तो महिला बच्चे को बहलाकर साथ ले गई। बाद में उसने मासूम को अपने घर पर रख लिया। महिला खुद छोटा-मोटा काम करती है। महिला का भाई हीरा मानसरोवर पार्क थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे
			





















		    











