मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के गांव गुल्लखेरा में डेंगू बुखार ने ग्रामीणों के हाल बेहाल कर दिए हैं। गांव गुल्लखेरा में 500 से अधिक डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। ग्रामीण कहते हैं कि परिवार का एक सदस्य बीमारी का इलाज करने अस्पताल जाता है। लौटता है तब तक दूसरा बीमार हो जाता है। गांव की करीब आधी आबादी डेंगू से पीड़ित है।
ग्रामीणों ने कहा कि इस बीमारी के कारण पहले हाथ-पैरों में दर्द होता है। फिर ठंड लगती है और बुखार आता है। बुखार की दवाई लेते हैं तो भी आराम नहीं मिल रहा है। दूसरे दिन प्लेटलेट्स कम हो जाती है। कमजोरी बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक चिकित्सा विभाग की टीम ने गांव का दौरा नहीं किया है। प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज कराना पड़ रह है।
सीएमएचओ राकेश शर्मा ने कहा कि जल्द ही हम टीम भेज रहे हैं। वहां कैंप लगाकर मरीजों का जल्द से जल्द इलाज किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 50 साल में ऐसी कोई बीमारी गांव में नहीं फैली है। गुल्लखेरा गांव में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सब बीमार हैं। फसल की कटाई का समय चल रहा है। खरीफ की फसल खेतों में खड़ी है। बीमारी की वजह से फसलों की कटाई भी नहीं हो पा रही है।


































