उत्तर प्रदेश के कानपुर में नौकरी न मिलने से परेशान बेरोजगार युवक ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर गुरुवार को अपना मोबाइल तोड़ कर टूटे कांच से गला काट लिया। इसके बाद प्लेटफार्म से पटरी पर कूद गया। खून से लथपथ युवक को देखकर वेंडरों ने ट्रैक से उसे हटाया। रेलवे के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। बिहार के अररिया निवासी मोहम्मद शानू (23) के परिजनों ने आरपीएफ को बताया कि वह नौकरी की तलाश में मई से इधर-उधर भटक रहा है।
दो दिन पहले वह ममेरे भाई के कहने पर कानपुर आया था। वहीं, शानू ने बताया कि सेंट्रल पर गुरुवार की शाम को पहुंचकर ममेरे भाई को फोन किया तो उसने जवाब दिया कि काम नहीं मिलेगा। इसके बाद शानू वहीं घूमता रहा। गुरुवार को आधी रात के बाद सीढ़ियों के नीचे बैठकर मोबाइल तोड़ा। इसके बाद गर्दन को मोबाइल स्क्रीन के कांच से रेतकर रेल पटरी पर कूद गया। आरपीएफ दरोगा असलम ने बताया कि उसे शुक्रवार को भर्ती करा दिया गया था। वह मानसिक रूप से तनाव में था। घरवालों को सूचना दे दी गई है पर वे लोग अभी पहुंचे नहीं हैं।

































