कन्नौज समाचार उत्तर प्रदेश के कन्नौज मे शीतलहर के बीच कड़ाके की सर्दी से लोग ठिठुर रहे हैं। रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पहली बार अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रविवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। सड़कों पर दृृश्यता शून्य रही। इस कारण वाहन रेंगते हुए नजर आए। कोहरे के साथ गलन ने आम जनमानस को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। रविवार को अधिक सर्दी होने के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। पाले के कारण सुबह लोग ठिठुरते रहे। दोपहर बाद बादलों की ओट से सूर्यदेव दिखाए दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद ओझल हो गए।
शाम होते- होते चली पुरवा हवा ने गलन बढ़ा दी। इस कारण बुजुर्ग और बच्चे जल्द घर में दुबक गए। रविवार को अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम रहा। कोहरे के साथ पाले ने बढ़ाई किसानों की चिंता कोहरे के साथ पाला गिरा, जिसने किसानों की चिंता बढ़ा दी। यह गेहूं की फसल के लिए तो मुफीद बताई गई है, लेकिन आलू, सरसों और मटर की फसलों को इससे नुकसान की संभावना है। ऐसे में किसानों को हवा की दिशा में खेत के किनारे पर धुआं करने की सलाह दी गई है। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा और फसलों को पाले से बचाया जा सकेगा। इसके अलावा, फसलों की सिंचाई करके भी पाले का प्रभाव कम किया जा सकता है।

































