लखनऊ समाचार उत्तर प्रदेश के लखनऊ मे खराब मौसम के चलते शुक्रवार को विमान सेवाओं पर तगड़ा असर पड़ा। घने कोहरे व कम दृश्यता के चलते लखनऊ आने-जाने वाली सात उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं, अन्य फ्लाइटें दो से चार घंटे तक लेट हुईं। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के चलते इंडिगो की दिल्ली से लखनऊ की फ्लाइट (6ई 2025), बंगलूरू से सुबह 8:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली उड़ान, दिल्ली से दोपहर 2 बजे आने वाली फ्लाइट व लखनऊ से बंगलूरू जाने वाली उड़ान (6ई 325) रद्द कर दी गई।
इसी तरह बंगलूरू से लखनऊ की दो व दिल्ली से लखनऊ की एक उड़ान रद्द की गई। उधर, बृहस्पतिवार रात से ही पड़ रहे भयंकर कोहरे के कारण मुंबई से रात 1:35 बजे लखनऊ आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट करीब 4 घंटे देरी से सुबह 5:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची। मुम्बई से रात 1:45 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान 50 मिनट देरी से पहुंची। इसी प्रकार मस्कट से आने वाली सलाम एयरलाइंस की उड़ान सुबह 3:15 के बजाय 4:04 बजे अमौसी पहुंची। दमाम से आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सुबह 6:15 बजे के बजाय 7:18 पर पहुंची।
मस्कट से सुबह 7:50 बजे आने वाली ओमान एयर की फ्लाइट 10:15 बजे पहुंची। चंडीगढ़ से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट सुबह 8:15 बजे के बजाय 10:44 पर लैंड हुई। इसी तरह इंदौर से लखनऊ इंडिगो की फ्लाइट सुबह 10:05 के बजाय 11:35 बजे, दम्माम से लखनऊ फ्लाइनास एयरलाइंस की उड़ान पूर्वाह्न 11:00 के बजाय अपराह्न 1:40 बजे, मुंबई से लखनऊ की इंडिगो की उड़ान दोपहर 1:15 के बजाय 3:25 बजे, गुवाहाटी से लखनऊ इंडिगो की उड़ान दोपहर 1:40 के बजाय 3:10 बजे पहुंची। जयपुर से लखनऊ इंडिगो की उड़ान दोपहर 1:50 के बजाय 3:44 बजे, दिल्ली से लखनऊ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान दोपहर 2:20 के बजाय 3:05 बजे लैंड हुई।
इसी प्रकार लखनऊ से दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट रात 2:00 बजे के बजाय सुबह 6:53 बजे रवाना हुई। लखनऊ से मस्कट की सलाम एयरलाइंस की उड़ान सुबह 4:00 बजे के बजाय 5:00 बजे, लखनऊ से गुवाहाटी की इंडिगो उड़ान सुबह 9:05 के बजाय 11:24 बजे और लखनऊ से चंडीगढ़ की इंडिगो की उड़ान दोपहर 2:10 के बजाय 4:03 बजे रवाना हो सकी। इसके अलावा अन्य उड़ानें भी देरी से गईं।
शताब्दी कैंसिल, बेगमपुरा घंटों लेट
दो दिनों से पड़ रहे घने कोहरे के कारण रेल सेवाएं शुक्रवार को भी प्रभावित रहीं। शताब्दी एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। बीते बृहस्पतिवार को ट्रेन 12003 लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर 3:30 बजे के स्थान पर रात 11:38 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना हुई। रात भर यात्रियों ने चेयरकार श्रेणी में बैठकर यात्रा की। यह ट्रेन शुक्रवार को 10:21 बजे नई दिल्ली पहुंच सकी। इसके चलते शुक्रवार की शताब्दी एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। शुक्रवार को नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली लखनऊ मेल 2:20 घंटे, एसी एक्सप्रेस दो घंटे, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस चार घंटे, चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट तीन घंटे, हिमगिरी एक्सप्रेस पांच घंटे, पंजाब मेल 4:30 घंटे, गंगा सतलुज एक्सप्रेस 4:20 घंटे, कैफियत एक्सप्रेस 5:30 घंटे, अवध आसाम एक्सप्रेस 3:45 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची।
ये विमान हुए निरस्त
6ई-6353 बंगलूरू-लखनऊ
6ई-2025 दिल्ली-लखनऊ
क्यूपी-1451 बंगलूरू-लखनऊ
एआई-811 दिल्ली-लखनऊ
6ई-903 बंगलूरू-लखनऊ
6ई-2255 दिल्ली-लखनऊ
6ई-325 लखनऊ-बंगलूरू


































