उत्तर प्रदेश के एटा के मिरहची। पीएम आवास योजना के तहत आवास आवंटन में ग्राम प्रधान और सचिव की मिली भगत से धांधली का आरोप लगाया गया है। पात्रों की अनदेखी कर अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत अचलपुर में गरीब परिवार तिरपाल डाल कर जीवन यापन कर रहे हैं। ब्लाक क्षेत्र मारहरा की ग्राम पंचायत अचलपुर में अपात्रों के आवास बनवा दिए गए। गरीब परिवार आज भी तिरपाल डाल कर मिट्टी से बने कच्चे मकान में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। पात्रता की श्रेणी में आने वाले इस्लाम खान व कायम खान का कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से आवास दिलाए जाने की गुहार लगाई गई। सुनवाई नहीं हुई। ऑनलाइन फॉर्म भरा तो सचिव ने अपात्र घोषित कर मामला रफा दफा करा दिया। बताया कि वह दो पुत्री व एक पुत्र के साथ खेत की मिट्टी से कच्ची दीवार बनाकर तिरपाल डालकर गुजर बसर कर रहे हैं। हम लोगों ने कई बार प्रधान से लेकर खंड विकास अधिकारी तक से आवास दिलाए जाने की मांग की। हुआ कुछ नहीं। वहीं पंचायत सचिव मनोज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यह पंचायत मुझे हाल ही मिली है। अपात्रों की जांच कर कार्रवाई कराएंगे। जिन्हें लाभ नहीं मिला है, लाभ दिलाया जाएगा।

































