उत्तर प्रदेश के एटा। हल्की सर्दी पड़ने लगी है, लेकिन मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हुआ है। मच्छर जनित बीमारियां जिले में फैली हुईं हैं। खासतौर से लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। जांच के दौरान उनकी प्लेटलेट्स कम निकल रही है, जो तेजी से गिर रही है। ऐसे पीड़ितों को चिकित्सक डेंगू का संदिग्ध मान रहे हैं।
सोमवार को ओपीडी में कुल 1235 मरीजों के पर्चे बने। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में सुबह से ही मरीजों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई। 8 बजे पर्चा काउंटर खुलते ही वहां मरीजों की कतार लग गई और पर्चा बनवाने के बाद मरीज पुरानी बिल्डिंग में संचालित ओपीडी में चिकित्सकों के कक्षों के बाहर पहुंचे। 9.15 के बाद कक्षों में चिकित्सकाें का आना शुरू हुआ।
साढ़े नौ बजे के करीब हड्डी, फिजीशियन, त्वचा सहित अन्य रोगों के चिकित्सकों ने कक्षों में बैठकर मरीजों को देखना शुरू किया। फिजीशियन कक्ष में मरीजों को देख रहे चिकित्सक माधवेंद्र, आदर्श यादव ने बताया ओपीडी में प्रतिदिन 300 के करीब मरीज आ रहे है। सोमवार को भी संख्या यही रही।

































