चित्रकूट समाचार उत्तर प्रदेश के चित्रकूट मे रेलवे स्टेशन में तीन छात्रों को पकड़कर जीआरपी सिपाहियों ने मारपीट की। परिजनों ने इस मामले को लेकर कर्वी कोतवाली में तहरीर दी है। जीआरपी थाना प्रभारी ने मारपीट के मामले से इंकार किया है। इसे लेकर दिनभर परिजन पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते रहे। बाद में मामले की जांच तहरीर के आधार पर सीओ रेलवे को दी गई है। चित्रकूट के छीर का पुरवा नयागांव (मप्र) निवासी ओमनारायण कामतन में कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों ने बताया कि रविवार को क्रिकेट खेलकर ओम घर पहुंचा तो पढ़ाई को लेकर नाराज मां ममतादेवी ने उसे पीट दिया। इससे नाराज होकर वह घर से बिना बताए चला आया था। यहां वह चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन में बैठा था। इस दौरान उसे जीआरपी के सिपाही थाने ले गए।
इसके बाद वहां ढूंढने पहुंचे ओमनारायण के चचेरे भाई ग्रामोदय विश्वविद्यालय में बीएफए का छात्र ओम प्रकाश और चित्रकूट इंटर कालेज में कक्षा 11 में पढऩे वाला धनराज जीआरपी थाने में जानकारी करने लगे। इस दौरान छात्रों की जीआरपी सिपाही से नोकझोंक हो गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद सिपाहियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। परिजनों के आने के बाद सोमवार को सभी लोग कर्वी कोतवाली पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इस संबंध में कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि मामला जीआरपी के अंतर्गत आता है। छात्रों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी त्रिपुरेश कौशिक ने बताया कि रेलवे स्टेशन में बिना टिकट घूम रहे तीनों छात्रों से पूछताछ की गई थी।
मोबाइल लिए घूमने के कारण उनसे थाने में पूछताछ की गई। इसके बाद परिजनों को बुलाकर तीनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रों के परिजनों ने कई बार लिखित समझौता किया इसके बाद वह आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल तहरीर के आधार पर सीओ रेलवे जांच कर रहे हैं। छात्राओं की पिटाई के मामले में किया प्रदर्श छात्राओं की पिटाई के मामले में आभास महासभा के कार्यकर्ताओं ने कलक्टे्रट परिसर में प्रदर्शन कर विरोध जताया। अपर एसडीएम को पत्र सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चित्रकूट धामकर्वी रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने में तीन छात्रों की पुलिस कर्मियों ने बेरहमी से पिटाई की है। ग्राम पंचायत छीर के पुरवा निवासी छात्र ओमनारायण घर से नाराज होकर रेलवे स्टेशन चित्रकूट धाम आया था।
जहां पर जीआरपी पुलिस ने टिकट मांगा। जब नहीं मिला तो थाने ले गए। वहां पर छुड़वाने के लिए उसके दो भाई पहुंचे तो उनको भी थाने में बंद कर दिया। इसके बाद बेरहमी से पिटाई की। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर आभास महासभा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार सनेही, राहुल कुमार, राजेंद्र प्रसाद, संजय कुमार, राजकिशोर, रोहित सिंह पटेल, रामहित, आदित्य कुमार सिंह, विनय कुमार, मिथलेश वर्मा, प्रभाकर, प्रकाश व मोहित आदि मौजूद रहे।चित्रकूट। छात्रों की पिटाई के मामले में सरदार सेना के कार्यकर्ताओं ने जिले के उच्चाधिकारियों से मिलकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
सरदार सेना की बुंदेलखंड प्रभारी मीरा भारती ने बताया कि चित्रकूट रेलवे स्टेशन के थाना जीआरपी के पुलिस कर्मियों ने अकारण ही छात्रों की पिटाई की। जिस पर कार्रवाई की जाए। रेलवे स्टेशन पर तीन छात्रों से की गई मारपीट के मामले में बसपा पार्टी के नेताओं ने एसपी कार्यालय में सीओ राजकमल को पत्र सौंपा। इसमें आरोपी जीआरपी के पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांंग की गई है। दिए गए पत्र में कहा कि जिले की सीमा अंतर्गत मध्यप्रदेश छीर का पुरवा निवासी छात्र ओमनारायण घर से नाराज होकर 25 दिसंबर को रेलवे स्टेशन चित्रकूट धाम चला गया था।
जहां पर जीआरपी सिपाही टिकट मांगने के बहाने पर उसको थाने लगे गए। जब उसको छुड़वाने के लिए उसका भाई ओमप्रकाश व धनराज छुड़वाने के लिए पहुंचे तो जीआरपी के सिपाही उनको भी पकड़ लिया। इसके बाद इतना पीटा कि उनके हाथ पैर में गंभीर चोट लगी हैं। इस मौके पर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शिव बाबू वर्मा, कौशलेंद्र सिंह, सहित छात्रों के परिजन मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही हे

































