चित्रकूट समाचार उत्तर प्रदेश के चित्रकूट मे बांदा। नए साल के चौथे दिन भी शीतलहर व सर्दी का सितम जारी रहा। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे। बर्फीली हवाओं के साथ पानी की फुहार से लोग कपकपा उठे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले अगले पांच दिनों तक बारिश व सर्दी बढ़ने की संभावना है। गुरुवार की सुबह कड़ाके की सर्दी के साथ हुई। आसमान में घना कोहरा छाया हुआ था। हवा के साथ पानी की बूंदों ने ठंड को और बढ़ा दिया था। स्कूल व आफिस जाने वाले लोगो की बाहर निकलने की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। लोग कांपते नजर आए। सड़क पर वाहन हेड लाइन जलाकर निकले। कोहरे की धुंध के कारण पास की चीज नजर नहीं आ रही थी। नौ किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं पारा दिनभर लुढ़कता व बढ़ता रहा। मौसम विभाग के अनुसार सुबह आठ बजे जिले का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री व अधिकतम 18 डिग्री रहा। दोपहर में अधिकतम तापमान गिरकर 17 डिग्री पर पहुंच गया। एकाएक ठंड बढ़ने से लोग ठिठुरने लगे। जगह-जगह पर लोग अलाव सेंकते रहे।
































