उत्तर प्रदेश के औरैया। यूपी बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च में प्रस्तावित है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 11-12 नवंबर तक केंद्रों की सूची जारी होगी। अधिकारियों ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में छात्र-छात्राओं की संख्या सात हजार तक घट गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पिछले सत्र की अपेक्षा जिले में दस केंद्र कम बनाए जाएंगे। जिले में 15 राजकीय, 60 अशासकीय व 214 वित्तविहीन इंटर कॉलेज हैं। हर हाल माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से फरवरी-मार्च में बोर्ड की परीक्षा कराई जाती है। 2022-23 सत्र की परीक्षा फरवरी में होने के बाद मई में रिजल्ट घोषित किया गया।
डीएम के निर्देश पर गठित अधिकारियों की टीम ने स्कूलों का सत्यापन भी पूर्ण कर लिया। इसके बाद अक्तूबर में ऑनलाइन रिपोर्ट भेज दी गई। 31 अक्तूबर तक केंद्रों का निर्धारण होना था, लेकिन कुछ जिलों से अपलोडिंग का कार्य पूर्ण न होने से परिषद ने तिथि को बढ़ा दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने बताया कि केंद्रों का निर्धारण 11-12 नवंबर तक संभावित है। उन्होंने बताय कि इस बार 86 की जगह 76 केंद्र बनाए जाने की संभावना है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के मुताबिक बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 21 हजार 504 और इंटरमीडिएट में 18 हजार 716 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।

































