उत्तर प्रदेश के औरैया दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में वहशी जीजा ने नाबालिग साली को दुष्कर्म के दौरान रात भर यातनाएं पहुंचाईं। दांत से काटने व मारपीट के शरीर में 15 जख्म दिए। इससे भी जी नहीं भरा तो गला घोंट दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखकर पुलिस अधिकारियों के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट वहशी जीजा द्वारा मासूम के साथ किए गए बर्ताव की कहानी बयां कर रही है। डॉक्टरों के पैनल ने बुधवार को 13 वर्षीय मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के चेहरे, गाल, सीने व हाथों में दांत से काटने व चोटों के 15 निशान दर्ज किए गए। गुप्तांग में भी चोट के निशान मिले हैं। आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना आया है। गला दबाने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी जीजा रोहित को जेल भेज दिया है। पुलिस हिरासत में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।बता दें कि मंगलवार रात नशे की हालत में रोहित ने अपनी 13 वर्षीय साली के साथ रात में दुष्कर्म किया। पत्नी विरोध कर सास, ससुर से मदद की गुहार लगाती रही। मगर आरोपी के बर्ताव को लेकर कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा। सुबह चारपाई पर शव पड़ा मिला था।मृतका की बड़ी बहन ने घटना की आंखों देखी पुलिस को बयां की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। मृतका के पिता ने दामाद की दरिंदगी को लेकर फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग की है। थानाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।दिबियापुर थाना क्षेत्र में फिरोजाबाद जिले के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी चार मई को दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव में अपने बहनोई रोहित के घर आई थी। बुधवार सुबह उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला। मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि सोमवार को रोहित की बहन की शादी थी। आरोप है कि मंगलवार को विदाई के बाद शाम चार बजे के करीब पति ने शराब पी और शाम तक शराब पीता रहा। देर शाम बहन के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके शरीर पर कई जगह काटकर जख्म पहुंचाए। पास में रखी फुंकनी से कई वार भी किए। इसके बाद रात में दुष्कर्म किया और गला घोंट कर हत्या कर दी। जानकारी पर सीओ भरत पासवान, एएसपी दिगंबर कुशवाहा व थाना प्रभारी आरके शर्मा पहुंचे। कुछ देर बाद फोरेंसिंक टीम बुलाई गई। पुलिस को शरीर पर चोट व दांत से काटने के सात निशान मिले हैं। एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है।पिता ने बताया कि बेटी कक्षा तीन की छात्रा है और स्कूल की छुट्टी होने पर बड़ी बहन के घर आई थी। शव का डॉक्टरों के पैनल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पिता की तहरीर पर दुष्कर्म, हत्या, पॉक्सो की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


































