उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया। इसमें अलग-अलग दुकानों से सूतफेनी समेत 10 मिठाइयों के नमूने लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में जिले में चार दिन मिलावट के खिलाफ चार से सात अगस्त तक अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को दिबियापुर के गांव मधवापुर, फतेहपुर व दिबियापुर कस्बा स्थित डेयरी व दूध दुकान से चार नमूने लिए गए। इसके अलावा गांव हरचंदपुर की मिठाई से बूंदी के लड्डू व पनीर का नमूना लिया।
वहीं गांव रामगढ़ की एक दुकान से बेसन का लड्डू व खोया का नमूना लिया गया। बिधूना के बेला रोड स्थित मिठाई की दुकान से बर्फी , भगत सिंह चैराहा बिधूना सूतफेनी का नमूना संग्रहीत किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि विभाग की अलग-अलग टीम ने 10 नमूने लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

































