उत्तर प्रदेश के औरैया। शहर में यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। शनिवार को सदर कोतवाल पंकज मिश्रा का वाहन संजय गेट समीप जाम में फंस गया। जिसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर वाहनों को बारी-बारी निकलवाने का काम शुरू किया। कुछ देर बाद उनके जाते ही फिर से जाम लगने लगा। शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे के करीब संजय गेट समीप जाम लगा था। सड़क पर लगी बैरिकेडिंग से लेकर सकरे रास्ते से निकल रहे वाहन फंसे रहें। सदर कोतवाल पंकज मिश्रा कोतवाली से सुभाष चौक के लिए निकले। संजय गेट के पास पहुंचते ही उनका वाहन भी जाम में फंस गया।किसी भी यातायात पुलिस कर्मी के वहां न होने पर व लोगों को जद्दोजहद करता देख कोतवाल स्वयं सड़क पर उतर आए।
बारी-बारी नुमाइश मैदान, लेडीज मार्केट, सुभाष चौक व ब्लाक की ओर जाने वाले वाहनों को निकाला। कोतवाल को वाहन निकलवाते देख यातायात पुलिस कर्मी भी वहां पहुंचे व जाम खुलवाने में जुट गए। कोतवाल के जाते ही कुछ देर बाद दोबारा से जाम की स्थिति बन गई। सड़क किनारे खड़े वाहन व फुटपाथों पर कब्जे की वजह से लोगों को पूरे दिन परेशान होना पड़ा। सदर कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि जाम न लगे इसलिए बारी-बारी वाहन निकलवाए गए। सड़क पर वाहनों का लोड ज्यादा होने से यह समस्या बनती है।

































