उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक महिला को खोजने के नाम पर दरोगा ने महिला के पति से अपना मोबाइल रिचार्ज करवा लिया। मामले की कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, इसकी जांच सीओ बिधूना को सौंपी गई है। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हो गई। यह कॉल रिकॉर्डिंग सहार थाने में तैनात दरोगा धर्मेंद्र कुमार यादव की बताई जा रही है। इसमें दरोगा कॉल करने वाले से कह रहे हैं कि अब बताओ उस समय बाजार में थे। इसपर युवक पत्नी को साथ ले जाने वाले आरोपी पिंटू की मां के घर आने की बात कहता है।
बता दें कि सहार थाना के एक गांव निवासी महिला को 22 मार्च को बेला थाना के कर्वी याकूबपुर निवासी पिंटू बहला कर ले गया था। एसआई धर्मेंद्र यादव ने खुद के ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि ऑडियो का कुछ हिस्सा काट कर उनकी छवि को धूमिल करने के लिए वायरल किया जा रहा है। महिला के मिलने को लेकर पुख्ता सुराग मिले थे। इसी बीच उसके फोन का रिचार्ज खत्म हो गया था। बाजार से दूर होने के चलते रिचार्ज नहीं हो पा रहा था। तभी पीड़ित की कॉल आने पर उन्होंने रिचार्ज करवाने और पास आने पर रुपये लेने की बात कही थी। इसके कुछ देर बाद परिजन की कॉल आने पर उन्होंने अपने फोन का रिचार्ज करवा लिया था और पीड़ित से रिचार्ज न करवाने के लिए भी कहा था।
यहां तक कि महिला की खोजबीन के दौरान उन्होंने पीड़ित को भोजन भी करवाया।मामले में महिला के पति ने 23 मार्च को सहार थाना में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने 16 अप्रैल को महिला को ढूंढ कर उसके माता-पिता को सौंप दिया था। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि पीड़ित से रिचार्ज करवाने के मामले में एसपी अभिजित आर शंकर ने दरोगा धर्मेंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।पुलिस मामले की जाँच कर रही है

































