उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बिधूना। जिला सहकारी विकास संघ इटावा के अध्यक्ष ने मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। कस्बा के सूरजपुर निवासी जिला सहकारी विकास संघ इटावा के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने शनिवार को बिधूना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में उन्होंने बताया कि उन्हें दो मोबाइल नंबरों से जान से मारने, घर से उठा ले जाने और यहां तक कि सत्ता परिवर्तन होने पर खत्म कर देने की धमकी दी गई है।उन्होंने बताया कि सात अगस्त को उनके निजी मोबाइल नंबर पर फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को दरोगा व सिपाही बताते हुए घर से उठावा लेने व जान से मारने की धमकी दी।
यहां तक कि मुख्यमंत्री योगी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द कहे। एक अन्य नंबर से भी कॉल आई। जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को दिलीप चौहान दरोगा व राहुल सिपाही बताया।इसमें बताया है कि उन्हें अलग-अलग नंबरों से फोन किया जा रहा है। फोन करने वाले खुद को दरोगा व सिपाही बता रहे। वहीं, पीएम व सीएम के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबरों की जांच साइबर सेल के जरिए कराई जाएगी। जल्द ही आरोपियों की पहचान हो जाएगी। धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है

































