उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में रक्षाबंधन के बाद रविवार को लोग अपने काम पर लौटने लगे हैं। वापसी में एक बार फिर से रोडवेज बसों की समस्या सामने आई। लोगों को घंटों इंतजार के बाद बसें मिलीं। वहीं भीड़ अधिक होने से सीट को लेकर जद्दोजहद रही।यहां बसों के इंतजार में यात्री प्रतीक्षालय से लेकर रोड तक भीड़ रही। बस के इंतजार में यात्रियों की संख्या इतनी हो गई कि बैठने की जगह भी कम पड़ गई। कुछ यात्री डिपो के बाहर रोड किनारे ही सामान रखकर बैठे रहे। लोकल रूट पर रसूलाबाद जाने वाले यात्रियों को डेढ़ बजे बस मिलीं।
इसके बाद यात्रियों की संख्या में गिरावट आई। वहीं कानपुर रूट पर दिनभर में 24 बसें दौड़ाई गईं। इसके बावजूद यात्रियों को समय से रवाना नहीं किया जा सका। बाहरी डिपो की बसों के आने के बाद यात्री गंतव्य की ओर रवाना हुए।एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि रूटों पर पर्याप्त बसें दौड़ाई गई हैं। यात्रियों को दिक्कत न हो इसे लेकर पूरा ध्यान रखा गया है।
कानपुर रूट पर 24 बसों को चलाकर काफी कुछ संचालन को बेहतर रखने का प्रयास किया गया है।रोडवेज डिपो की ओर से रक्षाबंधन पर विशेष (मुफ्त) संचालन के तहत रविवार को अंतिम दिन सभी 77 बसों का संचालन किया गया। विभिन्न रूटों पर बसें दौड़ीं। डिपो के बाहर भी यात्रियों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिली।
			





















		    











